शहर की प्रतापनगर सदर पुलिस ने 5 जनवरी को एक वाटिका में चल रही शतरंज प्रतियोगिता से प्रतियोगी का लेपटॉप और रूपए चोरी करने वाले शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी से लेपटॉप बरामद किया गया है। महाराष्ट्र से आए प्रतियोगी ने इस बारे में प्रतापनगर सदर थाने में रिपोर्ट दी थी।
पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के कोल्हापुर का रहने वाला कौस्तुम कृष्णात गोते मराठा यहां जोधपुर में 4-5 जनवरी को एक वाटिका में शतरंज प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आया था। वह वाटिका के रूम नंबर 6 में ठहरा हुआ था। 5 जनवरी को वह वाटिका के ग्राउण्ड में अपने पांचवें राउण्ड के लिए खेलने गया था और वापिस रूम पर लौटने पर उसका सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात शख्स उसका लेपटॉप और चार हजार रूपए चोरी कर ले गया। बाद मेें आस पास पूछने पर पता लगा कि सूरज साहू नाम का शख्स उसका लेपटॉप ले जाते दिखा है। बाद में उससे बात करने पर उसने लेपटॉप के बदले 15 हजार रूपए मांगे। इस पर पीडि़त ने प्रतापनगर सदर थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में अब उदयपुर मावली के हनुमान वाटिका के सामने रहने वाले सूरज साहू पुत्र अंबालाल को गिरफ्तार किया गया है।