
चकराता। बुधवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी भास्कर लाल साह ने चकराता थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाने के रजिस्टरों, अभिलेखों, मालखाने और हथियारों की गहन जांच की गई। सभी दस्तावेज सही पाए जाने पर सीओ ने पुलिसकर्मियों की सराहना की और उनकी तत्परता की प्रशंसा की।
निरीक्षण के बाद सीओ ने कानून व्यवस्था को और सख्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि क्षेत्र में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। चकराता तेजी से एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में उभर रहा है। ऐसे में बाहर से आने वाले पर्यटकों और अन्य लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना बेहद जरूरी है।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों की पहचान करना आवश्यक है। पुलिस को सतर्क रहते हुए क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान एसओ शिशुपाल राणा और अन्य पुलिसकर्मी जैसे हेड कांस्टेबल संजीव, सन्नी चंद, सुधीर कुमार और सुनील भी मौजूद थे। सीओ ने सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों को पूरी जिम्मेदारी से निभाने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।















