विकासनगर: अवैध खनन से बैराज पुल को बना खतरा

विकासनगर। डाकपत्थर बैराज पुल के पिलरों के नीचे अवैध खनन के चलते पुल को खतरा बना हुआ है। यूजेवीएनएल ने पुल के नीचे अवैध खनन को रोकने के लिए उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी विकासनगर को पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने कहा कि यदि अवैध खनन को रोका नहीं गया तो भविष्य में राष्ट्रीय धरोहर डाकपत्थर बैराज पुल को खतरा हो सकता है। अवैध खनन दिन और रात बेरोक टोक किया जा रहा है।

पत्र में कहा गया है कि बैराज से महज 200 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी होने के बावजूद भी अवैध खनन का कारोबार किया जा रहा है। यदि अवैध खनन को नहीं रोका गया तो पुल कभी भी धराशायी हो सकता है। डाकपत्थर बैराज स्थित पुल सामरिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण पुल है। इस पुल से होकर खोदरी आने जाने वालों लोगों का रास्ता है, जहां यूजेवीएनएल के कर्मचारी दिन-रात शिफ्ट के हिसाब से पुल पार कर पावर हाउस में ड्यूटी पर रोज आवागमन करते हैं। इस पुल के धराशायी हो जाने से खोदरी पावर हाउस तक आवागमन का रास्ता बंद हो जाएगा। वहीं ढकरानी, ढालीपुर और कुल्हाल बांध परियोजना भी प्रभावित होंगे।

करीब साढ़े चार दशक पुराना पुल जर्जर हो गया है। इसके बावजूद पुल के नीचे यमुना नदी मे हिमाचल प्रदेश के क्षेत्र से उत्तराखंड में आने वाले अवैध खनन के लिए वाहनों की आवाजाही लगी रहती है।

पुल के नीचे दिन-रात अवैध खनन किया जा रहा है। इसे रोकने के लिए उन्होने उपजिलाधिकारी विकासनगर और पुलिस क्षेत्राधिकारी को पत्र लिखा है।

मो. अफजाल

अधिशासी अभियंता

यूजेवीएनएल, डाकपत्थर बैराज पुल।

मामले में चौकी प्रभारी डाकपत्थर को निर्देशित कर दिया गया है। मामले में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए।  

पुलिस क्षेत्राधिकारी, विकासनगर।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें