
थराली/देवाल। एक वाहन दुर्घटना में भारतीय सेना के जवान की मौत हो गई। सूचना से जवान की घर में कोहराम मच गया।मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की देर रात करीब 9.30 बजे देवाल-सुयालकोट-मानमती मोटर सड़क पर रैन एवं गरसू गांव के बीच समरापाखा नाम स्थान पर एक कारसड़क से करीब 200 मीटर नीचे पिंडर नदी में जा समाई। कार में सवार रैन गांव के फैटी निवासी एवं 14 गढ़वाल राइफल में तैनात जवान प्रमोद सिंह बिष्ट पुत्र महिपाल सिंह बिष्ट की मौत हो गई। घटना की जानकारी देते हुए रैन गांव के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि ग्रामीणों को रात में ही गांव से आगे कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी तो ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों ने देखा कि एक कार सड़क से नदी में जा गिरी है। रात में ही ग्रामीण नीचे नदी में उतरे और कार की पहचान कर उसमें व्यक्ति की खोज की तो मृतक जवान कार में नही मिला। नदी में पानी अधिक होने के कारण ग्रामीण नदी में नहीं जा पाए। घटना की सूचना पुलिस व प्रशासन को दी गई तो देवाल पुलिस चौकी प्रभारी विनोद रावत एवं राजस्व उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस दल एवं राजस्व पुलिस का दलघटना स्थल पर पहुंचा, किंतु उन्हें भी शव नहीं मिला।
इसके बाद सूचना पर एनडीआरएफ के इंचार्ज एसआई हरेंद्र सिंह रावत एवं एसडीआरएफ के इंचार्ज एसआई पुष्कर सिंह जीना के नेतृत्व में दोनों टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। जवानों ने कड़ी मेहनत के साथ जब कार को धकेला तो जवान का शव कार के नीचे दबा मिला। शव को नदी से निकालकर पुलिस ने पंचनामा भर के पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही देवाल के कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष कलम सिंह गड़िया, भाजपा नेता जितेंद्र बिष्ट, तेजपाल रावत, किशन गड़िया सहित तमाम ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच कर राहत कार्य में जुट गए। दुर्घटना में जवान की मौत से जहां उसके परिवार में कौहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जवान के घर पर उसकी पत्नी एक डेढ़ साल का लड़का, उसके माता-पिता एवं एक अन्य भाई हैं।
सड़क दुर्घटना में सिपाही की उपचार के दौरान हुई मौत
थाना सहसपुर क्षेत्रांतर्गत गुरुवार की देर रात 112 कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि रामपुर बडा गोहर से 100 मीटर आगे सेलाकुई की तरफ एक स्कूटी व डंपर का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना पर तत्काल पुलिस फोर्स द्वारा मौके पर जाकर देखा तो एक स्कूटी व डंपर की टक्कर हो रखी थी। एसएसआई भुवन पुजारा ने बताया कि स्कूटी सवार नवीन राणा पुत्र कंदन सिंह राणा निवासी ग्राम बागी (मोहताड) थाना मोरी जिला उत्तरकाशी हाल आईआरबी द्वितीय झाझरा उत्तराखंड पुलिस में तैनात था। घायल को उपचार हेतु ग्राफिक एरा अस्पताल भिजवाया गया, जहां डाक्टरों ने सिपाही को मृत घोषित कर दिया। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही कर शव को पुलिस गार्ड के दाह संस्कार हेतु परिजनों के सुपुर्द किया गया।















