अमन अवस्थी

सीतापुर। विपक्ष के पास न तो नेता है, न नीति है और न ही नियत है। जबकि भाजपा के पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसा मजबूत नेतृत्व है। विपक्षी चाहे जितना जोर लगा लें देश में अगली सरकार फिर भाजपा की ही बनेगी। यह बात भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापतिराम त्रिपाठी ने शनिवार को कमल संदेश बाइक रैली यात्रा में शहर के आरएमपी डिग्री कालेज में आयोजित बाइक रैली को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि के रूप में कही। मुख्य अतिथि के पहुंचने पर भाजपा के सांसद व विधायकों ने उनका फूल मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया। रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आवश्यकता है। पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है।
2014 में जब नरेंद्र मोदी सत्ता में आए थे तब कमजोर भ्रष्ट एवं विपन्न राष्ट्र मिला था आज साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में भारत देश शक्तिशाली व श्रेष्ठ राष्ट्र की ओर चल पड़ा है। पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है। ऐसे में मोदी के नेतृत्व में देश में 2019 की सरकार की नितांत आवश्यकता है।
रैली से भाजपा ने चुनाव का आगाज कर दिया है। विपक्ष के पास न नेता है, ना नीति है और ना ही नियत है। जबकि भाजपा के पास एक मजबूत नेतृत्व है। सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि 2014 में उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा पर अपना विश्वास जताते हुए केवल 73 सीटें दी थी जबकि बढ़ते विश्वास को देखते हुए 2019 में भाजपा को प्रदेश की जनता 80 सीटें जिता कर संसद भेजेगी।
https://youtu.be/IIpihwcKS1M
विधायक ज्ञान तिवारी ने कहा कि 2019 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे। देश की जनता ने यह नियत कर लिया है। 2014 की तरह ही हम जिले की चारों सांसदी सीटों पर विजय पताका लहराकर मोदी के गले में विजय की जीत की माला पहनाएंगे। मंच सभा के बाद बाइक रैली निकाली गई।
यह रैली शहर के आंख अस्पताल, आफीसर्स कालोनी, जीआईसी चौराहा, उजागरलाल चौराहा, कोट, पुराना सीतापुर, श्यामनाथ, तरीनपुर, कैप्टन चौक, लालबाग होते हुए आंख अस्पताल चौराहा पर स्थित गांधी पार्क पर समाप्त हुई। इस मौके पर मुख्य अतिथि सहित सांसद राजेश वर्मा, विधायक सेउता ज्ञान तिवारी, बिसवां महेन्द्र यादव, लहरपुर सुनील वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता, प्रतिनिधि ओमप्रकाश मिश्र, जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, उपाध्यक्ष राहुल जायसवाल, महामंत्री अचिन मेहरोत्रा समेत भारी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं हरगांव में धौरहरा संसदीय क्षेत्र की पांच विधानसभाओं की कमल संदेश यात्रा की बाइक रैली निकाली गई। इस यात्रा में सभी विधायक, सांसद रेखा वर्मा आदि मौजूद रहीं।

रैली में भी दिखी गुटबाजी
भाजपा गुटबाजी की पार्टी कही जाती है और यह आज भी दिखी। चाहे वह आरएमपी डिग्री कालेज के मैदान पर बना मंच हो अथवा शहर में निकाली गई बाइक रैली। सभी का अपनी-अपनी ढपली, अपना-अपना राग हो रहा था। रैली जब चली तो कई नेता दिखाई ही नहीं पड़े।
और जब रैली शहर में आगे बढी तो सभी अपने-अपने गुट में दिख रहे थे। आपने जब भी रैली देखी होगी तो एक साथ मगर भाजपा की इस रैली में लालबाग चौराहा पर तीन अलग-अलग गुटों में रैली गुजरी। जिससे सभी में कानाफूसी होने लगी। वहीं आज रैली के दौरान वर्तमान जिलाध्यक्ष अजय गुप्त तथा निर्वतमान जिलाध्यक्ष ज्ञान तिवारी एक ही बाइक पर एक साथ दिखे। जिससे भाजपा के विपक्षी गुट में खूब कानाफूसी हुई।










