
मोंठ, झाँसी: समथर थाना क्षेत्र के ग्राम महुआखेरा में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में चाय बनाने के दौरान लापरवाही से गरम चाय 8 माह के मासूम पर गिर गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुँचे।
जानकारी के अनुसार, महुआखेरा निवासी राकेश का 8 माह का पुत्र सौरभ शनिवार सुबह घर पर खेल रहा था। उसकी मां गैस चूल्हे पर चाय बना रही थी। चाय बनने के बाद महिला बच्चों को छोड़कर किसी घरेलू कार्य में व्यस्त हो गई। इतने में मासूम सौरभ खेलते-खेलते चूल्हे के पास पहुँच गया और गरम चाय अपने ऊपर गिरा ली।
गरम चाय गिरते ही मासूम जोर-जोर से रोने लगा। उसके शरीर पर गंभीर झुलसने के निशान हो गए। बच्चे की चीख सुनकर परिजन दौड़े और किसी तरह उसे संभालकर तुरंत उपचार के लिए सीएचसी मोंठ ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने बच्चे को झाँसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
ये भी पढ़ें: कन्नौज: पति से विवाद के बाद पत्नी ने फांसी लगाई, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
झांसी: मोंठ में बुजुर्ग महिला पर गाय ने किया हमला, हालत नाज़ुक












