
- छात्र छात्राओं ने राष्ट्र भक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शको को किया मंत्रमुग्ध
- सांसद विधायक रहे मौजूद
भास्कर ब्यूरो/संदीप पुण्ढ़ीर
हाथरस। ब्रज की द्वार देहरी कहे जाने वाला शहर हाथरस अब सजने संवरने लगा है। इसी कड़ी में जहां एक ओर शहर के मुख्य चौराहों पर देवी देवता तथा महापुरुषों की प्रतिमा लगाकर जगमग किया गया है वहीं दूसरी ओर नगर के सभी मुख्य मार्गो को महापुरूषों के नाम से सडक पटरी बनाकर पालिका द्वारा उत्कृष्ट कार्य किया गया है। इसी क्रम में शनिवार को अलीगढ आगरा मार्ग पर स्थित पालिका द्वारा बनाये गये शहीद स्मृति स्थल पर 151 फुट की ऊँचाई पर 45 फुट लम्बा 30 फुट चौड़ा गगनचुंबी तिरंगा झंडा फहराया गया। जिसकी तैयारिया पालिका चेयरमैन के द्वारा कई दिन से युद्धस्तर पर की जा रही थी।

शनिवार को पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने जनप्रतिनिधियों के साथ शहीद स्मृति स्थल को शहर की जनता को समर्पित किया। प्रातः वेला में पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना व पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुये नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि इस गगनचुंबी तिरंगे से हाथरस की शान में चार चांद लग गये हैं।
इस अवसर पर कॉलेज के छात्र छात्राओं ने राष्ट्र भक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शको को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान अलीगढ़, सांसद सतीश गौतम के साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव आर्य, सदर भाजपा विधायक अंजुला माहौर व जिले के आला अधिकारी व पालिका के अधिकारी/कर्मचारीगणो के साथ साथ विभिन्न विद्यालयो के प्रधानाचार्य, अध्यापक व विद्यार्थी मौजूद रहे।
