
लखनऊ: लखनऊ के तालकटोरा स्थित करबला परिसर से शिया समुदाय की आस्था से जुड़ा ईरानी नस्ल का घोड़ा ‘जुल्जना’ चोरी हो गया है। घटना सामने आने के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति घोड़े को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
करबला के पूर्व मुतावल्ली सैयद फैजी ने बताया कि गुरुवार सुबह जब जुल्जना अपने निर्धारित स्थान पर नहीं मिला, तो उसकी तलाश की गई। काफी खोजबीन के बाद भी घोड़ा नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक व्यक्ति घोड़े को ले जाते हुए नजर आया।
सैयद फैजी ने बताया कि जुल्जना का शिया समुदाय में विशेष धार्मिक महत्व है और मोहर्रम सहित अन्य धार्मिक आयोजनों में इसकी अहम भूमिका रहती है। आस्था के इस प्रतीक की चोरी से समुदाय में गहरा आक्रोश है। लोगों ने घोड़े की जल्द बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
उन्होंने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति जुल्जना के बारे में सटीक जानकारी देगा या उसे खोजकर लाएगा, उसे 50 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
तालकटोरा इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि घोड़ा चोरी होने की शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं, जो सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर के फरार होने के रास्तों को ट्रैक कर रही हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़कर घोड़े को बरामद किया जाएगा।
ये भी पढ़े – हिमाचल में क्रिसमस पर नहीं हुई बर्फबारी, चार दिन घने कोहरे की चेतावनी












