
यूपी में लखनऊ, कानपुर, रायबरेली, बहराइच समेत 63 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 40 से 50 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। कानपुर, लखनऊ में सुबह से बादल छाए हैं। शुक्रवार की बात करें तो मुजफ्फरनगर में सबसे ज्यादा 7.8 मिमी. बारिश हुई। वहीं, शाहजहांपुर 31°C तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा है।
अब 2 मई तक आंधी-पानी के आसार कानपुर की CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. SN सुनील पांडेय ने बताया, ”दक्षिण पाकिस्तान में बने चक्रवात की वजह से यूपी में 2 मई तक आंधी-पानी का अलर्ट है। पहले मौसम विभाग ने 30 अप्रैल तक बारिश का अंदेशा जताया था। अब तेज हवाएं, आकाशीय बिजली के साथ बारिश की आशंका बनी हुई है।”
इन जिलों में आज बारिश का अलर्ट
जिन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। उनमें कानपुर, शाहजहांपुर, फिरोजाबाद, मैनपुरी, मथुरा, अलीगढ़, आगरा, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, संभल, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, एटा, हाथरस, कासगंज, इटावा, औरैया और फर्रुखाबाद समेत 63 शहर शामिल हैं।
- अब पढ़िए बीते 24 घंटे का मौसम कैसा रहा….
यूपी में औसत 2 मिमी. बारिश रिकॉर्ड
बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा मुजफ्फरनगर में बारिश हुई। यहां 7.8 मिमी. पानी बरसा। बिजनौर और हापुड़ में 1.8-1.8 मिमी. बारिश हुई। मेरठ में 1.2 मिली पानी बरसा। शामली में 1 मिमी. पानी बरसा। वहीं, मौसम विभाग से जारी रिपोर्ट में पूरे यूपी में ओवरऑल औसत बारिश 2 मिमी. दिखाई गई है।
अब आपको यूपी के प्रमुख शहरों के मौसम के हाल बताते हैं…
लखनऊ में तेज हवाओं के साथ हो सकती है बारिश
लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.8°C रिकॉर्ड हुआ। जोकि सामान्य से 3.7°C कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.4°C रहा। लखनऊ के लिए शनिवार को मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आसमान में बादल छाए रहेंगे। आस-पास के एरिया में तेज हवाएं चल सकती हैं। हल्की बारिश हो सकती है। आने वाले 24 घंटे में लखनऊ में अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम 24°C रह सकता है। हवाएं 40 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
वाराणसी में चल रही ठंडी-ठंडी हवा, बादल भी छाए
वाराणसी में आज ठंडी-ठंडी हवा चल रही है। सुबह से ही हल्के-हल्के बादल भी छाए हैं। वहीं, मौसम विज्ञान विभाग ने आज बारिश की उम्मीद जताई है। विभाग के अनुसार अगले 4 मई तक मौसम ऐसे ही रहने वाला है। वाराणसी में बीती रात से ही 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी पछुआ हवा चल रही है।
आज सुबह से 9 किमी प्रति घंटे की स्पीड से बह रही हवा गर्मी से राहत दे रही है। सुबह का तापमान महज 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गा है। बारिश जैसा मौसम बना हुआ है। हवा में नमी 61% रिकॉर्ड की गई है।
बरेली में हल्की धूप खिली
बरेली सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। हल्की धूप खिली हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि आज अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम तापमान 21°C रहने का पूर्वानुमान है। हवा की स्पीड 12 किमी प्रति घंटा रह सकती हैं। अगले 24 घंटे में कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी का अनुमान है।
प्रयागराज में मौसम सामान्य
प्रयागराज में पिछले 24 घंटे से मौसम सामान्य बना हुआ है। शुक्रवार शाम काले बादल छाए थे। हवाएं चली। रातभर बादलों की आवाजाही जारी रही। शनिवार सुबह आसमान में बादल छाए हुए है। धूप नहीं निकली है। शहर में सुबह का न्यूनतम तापमान 23°C और अधिकतम तापमान 34°C है।
मथुरा में भी बादल छाए
सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम में आ रहे बदलाव के कारण गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार को भी मौसम सुहावना था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38°C रहा। आज शाम तक बारिश होने की संभावना है।
यूपी में शाहजहांपुर रहा सबसे ठंडा
यूपी के सबसे ठंडे 5 शहरों की बात की जाए, तो टॉप पर शाहजहांपुर रहा। शुक्रवार को शाहजहांपुर का अधिकतम तापमान 31°C रिकॉर्ड किया गया। ये सामान्य से 6.9°C कम था। फिर, मेरठ में अधिकतम तापमान 31.3°C था। ये सामान्य से 6.8°C कम था। मुजफ्फरनगर में अधिकतम तापमान 32.6 रिकॉर्ड हुआ। ये सामान्य से 4.6°C कम रहा।
वहीं, अलीगढ़ में 32.4°C दर्ज हुआ, जोकि सामान्य से 6.7°C कम था। कानपुर में अधिकतम तापमान 32.4°C रहा। जोकि सामान्य से 7.4°C कम था। शुक्रवार को मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, बिजनौर, बागपत में बारिश हुई। अधिकतम तापमान में हुई गिरावट इसी का असर है।
बिजली गिरने से किसान की मौत
शुक्रवार को खराब मौसम के बीच जालौन में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। वह खराब मौसम के बीच खेत में गेहूं की कटाई कर रहा था। बिजली गिरने से दो अन्य लोग घायल भी हो गए थे। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी आकाशीय बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है।
यूपी के प्रमुख शहरों का शुक्रवार का तापमान…
शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
कानपुर | 32.4°C | 21.6°C |
लखनऊ | 35.8°C | 22.4°C |
आगरा | 35.5°C | 23.8°C |
बरेली | 32.2°C | 20.3°C |
गोरखपुर | 38.4°C | 21.3°C |
मेरठ | 31.3°C | 19.2°C |
प्रयागराज | 39.3°C | 23.6°C |
वाराणसी | 38.0°C | 22.5°C |